
कोरबा। कोरबा में नहर में डूबे छात्र की आखिरकार 47 घंटे बाद लाश मिली है। दो दिन पहले वो दोस्तों के साथ नहाने के लिए नहर में गया था। इसी दौरान वो गहराई में डूब गया था। इसके बाद से उसका कुछ पता नहीं चला था। बताया जा रहा है कि घटनास्थल से 3 किलोमीटर दूर उसका शव मिला है। मामला CSEB चौकी क्षेत्र का है।
बुधवारी निवासी शौर्य गुप्ता(15) अपने 4 दोस्तों के साथ रविवार सुबह 11 बजे के आसपास बाएं तट नहर में नहाने गया हुआ था। उसके दोस्तों ने बताया था कि शौर्य जैसे ही नहर में कूदा वो गहराई में चल गया था। इसके बाद वो आगे बहता हुआ चले गया। ये देखकर उसके दोस्तों ने उसे बचाने के लिए नहर में छलांग भी लगाई। काफी प्रयास किया। मगर वो उसे ढूढ नहीं सके। इसके बाद इस बात की जानकारी उसके परिजनों और पुलिस को दी गई थी।
खबर लगते ही परिजन और प्रशासन की टीम मौके पर गई थी। इसके बाद गोताखोरों की मदद से उसकी तलाश की जा रही थी। मगर रविवार को दिनभर उसका कुछ पता नहीं चला। जिसके बाद सोमवार को फिर से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। दिनभर तलाश की गई। इसके बावजूद उसका कुछ पता नहीं चला।
इधर, परिजनों और आस-पास के लोगों की मांग पर प्रशासन ने नहर से पानी कम कराया था। वहीं मंगलवार सुबह से उसकी तलाश की जा रही थी। इस बीच गोताखोरों को मंगलवार सुबह 10 बजे घटनास्थल से करीब 3 किलोमीटर दूर तुलसी नगर बाईपास नहर के पास उसका शव मिला है। बताया जा रहा है कि उसका शव पानी में ऊपर आ गया था। उसे देखते ही गोताखोरों ने उसके शव को बाहर निकाल लिया था।